नई दिल्ली। नेकलेस चोरी करने वाले एक चोर ने यह कभी नहीं सोचा था कि उसे यह चोरी इतनी महंगी पड़ सकती है कि उसे लगातार एक के बाद एक केले खाने पड़ेंगे। दएक चोर ने 63 हजार का नेकलेस चुराने बाद पकड़े जाने के डर से उसे निगल लिया जिसे उगलवाने के लिए पुलिस उसे लगातार केले खिला रही है।
अनिल यादव नाम के एक 30 वर्षीय चोर ने चोरी के बाद 2.5 तोला सोने का मंगलसूत्र निगल लिया था। इस मंगलसूत्र में एक बड़ा पेंडेंट भी है। पुलिस ने जब अनिल को गिरफ्तार कर उसका एक्सरे करवाया तो पता चला कि यह मंगलसूत्र यादव की छाती के पास फूड पाइप में बुरी तरह फंस चुका है।
डॉक्टर इस मंगलसूत्र को प्राकृतिक तरीके से यादव के शरीर से बाहर निकालना चाहते हैं इसीलिए वो चोर को एक के बाद एक केले खिला रहे हैं। इसके अलावा उसे लिक्विड ड्रिंक भी दे रहे हैं ताकि मंगलसूत्र आसानी से उसके शरीर के बाहर आ जाए।
मिली जानकारी के अनुसार सियान के प्रतीक्षानगर में रहने वाली 52 वर्षीय राजर्षि मायंकर अपने घर की तरफ लौट रही थीं। जैसे ही वह जीटीबी नगर स्टेशन के पास पहुंची, वाशी नाका क्षेत्र का रहने वाला यादव उनका मंगलसूत्र छीनकर भाग गया। राजर्षि ने शोर मचाया तो भीड़ में से कुछ लोग चोर का पीछा करने लगे और एनटॉप हिल बीट चौकी को भी सूचना दे दी।
तभी भीड़ में से कुछ लोगों ने यादव को पकड़ लिया और उसकी जमकर पीटाई की इसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने जब यादव की तलाशी ली तो उसके पास से मंगलसूत्र नहीं मिला। भीड़ में से एक ने बताया कि यादव ने मंगलसूत्र निगल लिया है। इसके बाद उसका एक्सरे कराया गया जिसमें यह पता चला की मंगलसूत्र उसे फूड पाइप में अटका हुआ है।