मुंबई. हिट एंड रन मामले में सलमान खान को कोर्ट ने पांच साल कैद की सजा सुनाई है। अब जमानत के लिए उन्हें हाईकोर्ट जाना होगा। दस मई तक अगर उन्हें बेल नहीं मिली तो उसके बाद हाईकोर्ट में गर्मी छुट्टी हो जाएगी।
दो फिल्मों की रिलीज टाली जा सकती है
सलमान खान की अगली दो फिल्मों पर ही 200 करोड़ रुपए लगे हुए हैं। इनमें एक 'बजरंगी भाईजान' ईद पर तो 'प्रेम रतन धन पायो' दीपावली पर रिलीज होने वाली हैं। सलमान जेल गए तो इनकी रिलीज टल सकती है।
'शुद्धि' भी अधर में
करण जौहर की फिल्म 'शुद्धि' भी अंडर-प्रोडक्शन है। इस फिल्म में सलमान के अपोजिट संजय दत्त हैं। इसके अलावा सलमान बोनी कपूर, अरबाज खान और अतुल अग्निहोत्री की फिल्में भी कर रहे हैं।
इस ग्राउंड पर नई अपील भी फाइल हो सकती है
जिस हिट एंड रन केस में सलमान दोषी करार दिए जा चुके हैं उस केस में घटना के वक्त सलमान के साथ कार में सिंगर और एक्टर कमाल खान भी थे। आरोपों के मुताबिक सलमान और कमाल खान हादसे के बाद घटनास्थल से भाग गए थे। कमाल ने इस मामले में पुलिस के सामने तो बयान दिया लेकिन गवाल के तौर पर उनसे पूछताछ नहीं हुई। हैरानी की बात यह है कि हादसे के बाद सलमान को गिरफ्तार कर लिया गया लेकिन कमाल खान को पुलिस खोज ही नहीं पाई। कमाल की इस मामले में गवाही अहम हो सकती है लेकिन एक बार पुलिस के सामने बयान देने के बाद कमाल फिर कभी नहीं देखे गए। एक अंग्रेजी अखबार के मुताबिक कमाल चूंकि इंग्लैंड के निवासी हैं इसलिए वह अपने देश वापिस चले गए हैं। कमाल खान ने सलमान की फिल्म 'प्यार किया तो डरना क्या' में 'ओ-ओ जाने जाना' गाया था। यह गाना खासा फेमस हुआ था। इसके अलावा कमाल ने एक फिल्म में एक्टिंग भी की है।
सुप्रीम कोर्ट के तीन बड़े वकीलों का नजरिया
1. सुप्रीम कोर्ट के वकील केटीएस तुलसी के मुताबिक यह बात साबित होना कि सलमान हादसे के तुरंत बाद भाग गए थे गंभीर मामला है। अदालत सजा सुनाते वक्त सलमान के पिछले व्यवहारों (काला हिरण, मारपीट के केस) और दूसरे रिकॉर्डों को भी ध्यान में रख सकती है।
2. सुप्रीम कोर्ट के वकील आर.के. कपूर सलमान खान ऊपरी उदालत में जमानत के लिए अपील कर सकते हैं और उन्हें जमानत मिल भी सकती है। ऐसी स्थिति को अदालत की भाषा में सस्पेंशन ऑफ सेंटेंस कहा जाता है।
3. सुप्रीम कोर्ट के ही एक अन्य वकील धीरज सिंह की राय में कुल 27 गवाहों में केवल सलमान का ड्राइवर ही उनके पक्ष में है। वह भी बाद में बयान से पलटा है। ऐसे में सलमान के लिए केस काफी मुश्किल है।
13 साल (4239 दिन) पुराना है मामला
28 सितंबर, 2002 की रात सलमान खान की लैंड क्रूजर हिल रोड पर अमेरिकन एक्सप्रेस बेकरी में घुस गई थी। घटना आधी रात के बाद की थी। सलमान ने सुबह सरेंडर किया था। उन्हें गिरफ्तार किया गया और पुलिस स्टेशन से ही ज़मानत हो गई।
घटना में नुरुल्ला शरीफ की मौत हो गई थी। अब्दुल शेख, मुस्लिम शेख मुन्नू खान, मुहम्मद कलीम घायल हो गए थे। ये सब बेकरी के बाहर फुटपाथ पर सो रहे थे।
सलमान पर इन धाराओं के तहत चला मामला
धारा 304 (2) : गैर इरादतन हत्या- अधिकतम दस साल सजा
धारा 279 : तेज रफ्तार में लापरवाही से ड्राइविंग - छह महीने की कैद या जुर्माना या दोनों
धारा 337 और 338: चोट पहुंचाकर दूसरों की जान जोखिम में डालना - छह महीने की कैद या जुर्माना या दोनों
धारा 427: गलत हरकत से संपत्ति को नुकसान
इसके अलावा मोटर वाहन अधिनियम की धारा 34 ए, बी के साथ धारा 181 (नियमों का उल्लंघन कर वाहन चलाना) व 185 (नशे में तेज रफ्तार वाहन चलाना) और बॉम्बे प्रॉहिबिशन एक्ट की धाराओं के तहत आरोप।
सुनवाई के दौरान क्या रही सरकारी पक्ष की दलील...?
1 - सलमान जानते थे कि शराब पीकर गाड़ी चलाना खतरनाक है।
2 - सुरक्षा में लगे सिपाही ने गाड़ी तेज़ चलाने पर चेतावनी दी थी।
3 - वह जानते थे कि फुटपाथ पर लोग सोते हैं, रास्ते से वाकिफ थे।
4 - वह मदद करने की जगह मौके से भाग खड़े हुए।
5 - चश्मदीदों ने सलमान खान को ड्राइवर सीट से उतरते देखा।
क्या रही सलमान खान की दलील...?
1 - उस रात शराब नहीं, गिलास में पानी था।
2 - गाड़ी ड्राइवर चला रहा था।
3 - मौके से भागे नहीं, लोगों की मदद की।
4 - सलमान की तरफ से ड्राइवर को पेश किया गया।
5 - गाड़ी का दरवाज़ा जाम था, इसलिए सलमान ड्राइवर सीट से उतरे।
केस के यू-टर्न...
सिपाही के पूरक बयान और खून की जांच रिपोर्ट के बाद सलमान खान पर नई धारा 304 (2) लगाई गई, जिसका मतलब है गैर-इरादतन हत्या। इसमें अधिकतम 10 साल की सज़ा का प्रावधान है। इसके बाद सलमान खान दोबारा गिरफ्तार हुए और जेल गए।
केस में क्या है नया पेंच...?
सलमान खान के ड्राइवर अशोक सिंह का दावा है कि उस रात वह गाड़ी चला रहे थे, सलमान नहीं। गाड़ी का टायर फटने की वजह से स्टियरिंग जाम हो गया और गाड़ी घूम नहीं पाई, इसलिए हादसा हुआ। ड्राइवर का दावा है कि उसने खुद पुलिस कंट्रोल रूम को फोन किया, पुलिस स्टेशन गया, लेकिन उसकी नहीं सुनी गई।
बार में आर्डर की थी रम और बीयर
हादसे की रात सलमान खान अपने दोस्तों के साथ रेन बार में गए थे। गवाहों के मुताबिक सलमान और उनके दोस्तों ने बार में बीयर और खाना ऑर्डर किया था। बार से निकलने के बाद सलमान एक पांच सितारा होटल में भी गए थे। जहां चार-पांच लोगों के बीच सलमान ने उस रात एक व्हाइट रम की बोतल और कॉकटेल ऑर्डर किए थे।
सिपाही ने रोका था सलमान को गाड़ी चलाने से
उस रात सलमान खान की सुरक्षा का जिम्मा सिपाही रवींद्र पाटिल पर था, पाटिल ने कोर्ट में बताया था कि सलमान शराब पीकर गाड़ी चला रहे थे। उन्होंने सलमान को समझाया था कि आगे मोड़ है धीरे चलें। लेकिन सलमान ने उनकी बात नहीं मानी। इस मामले में कुल 27 गवाह हैं, जिसमें से सलमान के ड्राइवर ने उनके पक्ष में गवाही दी। शेष 26 गवाहों ने सलमान के खिलाफ गवाही दी।
200 करोड़ दावं पर
सलमान पर इस वक्त इंडस्ट्री के करीब 200 करोड़ रुपए लगे हुए हैं। यह आने वाली उन फिल्मों का अनुमानित बजट है, जिनमें सलमान काम कर रहे हैं।