टाइगर श्रॉफ बनेंगे सुपर हीरो

हिंदी फिल्मों में अभी दो स्थापित सुपरहीरो हैं। कृष यानी ऋतिक रोशन और रा. वन यानी शाहरुख खान। अब तीसरे सुपरहीरो का प्रवेश होने वाला है। ये होंगे टाइगर श्रॉफ। वो भी अपनी तीसरी ही फिल्म में। अपनी पहली ही फिल्म "हीरोपंती' में अद्भुत फ्लाइंग किक्स और हैंड स्टैंड्स से उन्होंने तेवर पहले ही दिखा दिए थे।

फिल्म में उनकी हीरोइन होंगी जैकलीन फर्नांडिस। निर्माण एकता कपूर और निर्देशन रेमो डिसूजा का होगा। फिल्म का नाम पहले "फ्लाइंग जाट' था जो "टर्बो सिंह' हुआ। उसके बाद "टर्बनेटर' रखा गया। सूत्रों की माने तो अब इसे "फ्लाइंग सिख' किया गया है।

इसमें टाइगर सरदार की भूमिका में हैं। इसका मूल शूट जुलाई में शुरू हो रहा है। इंटेंस एक्शन दृश्य सितंबर में फिल्माए जाएंगे जिनके लिए टाइगर ट्रेनिंग ले रहे हैं। अपनी दूसरी फिल्म "बागी' पूरी करते ही वे इस सुपरहीरो फिल्म में जुटेंगे। टाइगर का एक दर्शक वर्ग बच्चों का भी है इसलिए फिल्म में वे कॉमेडी भी करेंगे। जैकलीन इसमें भरतनाट्यम डांसर होंगी। फिल्म ट्रेड में इस फिल्म को बड़ी फ्रैंचाइज़ के रूप में देखा जा रहा है। हाल में हमसे बातचीत में एकता कपूर ने इसे बहुत  अहम प्रोजेक्ट बताया।

एकता ने बताया, "यह बहुत अलग कहानी है। इसमें सुपर हीरो इको-फ्रेंडली होगा।' इको-फ्रेंडली से आशय पर्यावरण से है या किससे? ये शूटिंग शुरू होने के बाद ही ज्ञात हो सकेगा। फिल्म के नाम "फ्लाइंग सिख' से अंदाजा लगाएं तो उनके पास उड़ने या बहुत तेज दौड़ने की शक्तियां हो सकती हैं। बहरहाल नन्हे दर्शकों को लक्ष्य करने के लिए इसकी रिलीज भी जून 2016 में प्रस्तावित बताई जा रही है।

Tags

buttons=(Accept !) days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !
To Top