गुड़गांव। सेक्टर-10ए निवासी एक महिला ने अपने ससुर पर रेप का आरोप लगाया है। साथ ही दुबई में रहने वाले अपने पति पर मारपीट करने और सास पर दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करने का आरोप भी लगाया है। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। केस की जांच एसीपी सिटी करेंगे।
पीड़ित महिला ने सोमवार को पुलिस में शिकायत देकर बताया कि उसकी शादी 8 दिसंबर, 2013 को डीएलएफ फेज-1 निवासी विश्वदीप से हुई थी। विश्वदीप का दुबई में अपना कारोबार है। वह अपने काम से दुबई गए हुए थे। आरोप है कि 13 दिसंबर, 2013 को वह सुसराल में अकेली थी। इस दौरान उसके ससुर ने उसके साथ रेप किया। आरोप यह भी है कि इससे पहले उसकी सास ने उसे कुछ नशीला पदार्थ खिलाया था। विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी दी गई और चुप रहने को कहा गया।
वह घटना के बाद करीब 4 महीने तक अपने पति के साथ दुबई में रही। वहां उसके पति ने रेप की घटना पर विश्वास नहीं किया और उसके साथ मारपीट की। बाद में उसे इंडिया वापस भेज दिया गया। महिला ने बताया कि उसके बाद से उसके सास-ससुर दहेज के लिए उसके साथ मारपीट कर रहे हैं। पुलिस ने महिला की शिकायत पर उसका मेडिकल करवाया और मैजिस्ट्रेट के सामने उसके बयान बयान करवाए गए। सेक्टर-10ए थाना प्रभारी इंस्पेक्टर नरेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।