'बेबी की पहली किक को महसूस करना', 'उसकी धड़कनों की आवाज़ सुनना'... ये गतिविधियां हर मां के लिए यादगार होती हैं। इन्हें संजो कर रखने और दूसरों के साथ शेयर करने की सुविधा देते हैं विभिन्न ऐप्स। इन्हें डाउनलोड कर आप कई ज़रूरी जानकारियां भी पा सकती हैं।
गर्भ में धड़कती जिंदगी को महसूस करने के अनुभव को बयां नहीं किया जा सकता। नन्ही सी जान का हिलना-डुलना, किक करना- सब कुछ उसकी मां की बेसब्री को और बढ़ा देता है। वह इन अनुभवों को संजो कर रखना चाहती है, तो इन अनमोल खुशियों को दूसरों के साथ बांटना भी चाहती है। अगर आप भी मां बनने वाली हैं और ऐसी ही मन:स्थिति से गुज़र रही हैं तो तकनीक आपके लिए मददगार साबित हो सकती है। आपको सिर्फ स्मार्टफोन की मदद से अपनी ज़रूरतों और पसंद को सूट करता हुआ प्रेग्नेंसी ऐप डाउनलोड करना होगा। आइए ऐसे ही कुछ विशेष एप्स के बारे में जानते हैं।
आई प्रेग्नेंसी (आइफोन आधारित)
एक प्रैक्टिसिंग गायनिकोलॉजिस्ट का बनाया यह एप गर्भावस्था से संबंधित कई जरूरी जानकारियों से लैस है। इसमें भावी पेरेंट्स के लिए जरूरी सुझावों के साथ ही बेबी ट्रैकिंग फीचर भी है। इस फीचर की मदद से आप हर हफ्ते अपने बेबी की अल्ट्रासाउंड पिक्चर देख सकती हैं। साथ ही यह भी रिकॉर्ड रख सकती हैं कि आपको कब-कब गायनिकोलॉजिस्ट के पास जाना है। इस ऐप को सोशल साइट्स से लिंक करके आप अपने बच्चे के विकास से जुड़ी सामग्री अपने परिचितों के साथ शेयर कर सकती हैं।
पिलाटीस फॉर प्रेग्नेंसी (आइफोन आधारित)
यह एक तरह का प्रेग्नेंसी फिटनेस ऐप है। इसमें ड्यू डेट डालते ही आपके एक्सरसाइज़ रुटीन की रूपरेखा आपको पता लग जाएगी। यह आपको प्रत्येक तिमाही की जरूरतों के हिसाब से वर्कआउट की जानकारी देता है ताकि नौ माह तक आप और आपका बेबी दोनों स्वस्थ रहें। साथ ही इसमें नोट्स बनाने और प्रेग्नेंसी की टु-डू लिस्ट बनाने की जगह भी होती है।
आईएम एक्सपेक्टिंग (एंड्रॉयड, आइफोन आधारित)
इस ऐप में प्रेग्नेंट स्त्रियों के लिए कई उपयोगी फीचर्स हैं। इसमें आप अपने बेबी बंप की तस्वीरों की वर्चुअल स्क्रैपबुक बना सकती हैं। साथ ही ऑनलाइन फोरम्स के जरिये अपनों के साथ गर्भावस्था के सुखद अनुभव बांट सकती हैं। प्रेग्नेंसी एक्टिविटीज को सुनियोजित रूप से अरेंज भी कर सकती हैं।
माय प्रेग्नेंसी सेंटर (एंड्रॉयड, आइफोन आधारित)
बच्चा क्या कर रहा है, इस चिंता की शुरुआत उसके बड़े होने पर नहीं, बल्कि तभी शुरू हो जाती है, जब वह गर्भ में होता है। इस ऐप में मौजूद बर्थ क्लब के जरिये आप प्रेग्नेंसी से संबंधित अपने सवालों के जवाब दूसरी मांओं से जान सकते हैं। अगर आपके पास कोई उपयोगी जानकारी है तो उसे दूसरी मांओं के साथ शेयर कर सकती हैं। साथ ही इसमें उपयोगी प्रेग्नेंसी न्यूट्रिशन गाइड और विडियोज़ भी होते हैं।
50000 बेबी नेम्स (आइफोन आधारित)
सभी मां-बाप चाहते हैं कि उनके बच्चे का नाम खास हो। ऐसे में इस उलझन को सुलझाने में यह ऐप आपकी मदद करेगा। इसमें बच्चों के 50000 नाम हैं और सभी का मतलब भी दिया गया है। साथ ही इसमें आप अपने पसंदीदा नामों को शॉर्टलिस्ट करके अलग कैटेगरी में भी सेव कर सकती हैं।
- कुछ खास फीचर्स
- बच्चे के विकास से जुड़ी जानकारियों की सोशल साइट्स के जरिये शेयरिंग
- बच्चे की किक और हार्टबीट्स को सुनने और रिकॉर्ड करने की सुविधा
- विभिन्न ट्राइमेस्टर्स के हिसाब से प्रेग्नेंसी एक्सरसाइजेज की जानकारी
- एक कॉमन फोरम पर दूसरी प्रेग्नेंट स्त्रियों से परिचर्चा
- न्यूट्रिशन गाइड और जानकारीपरक विडियोज
अहम है प्रेग्नेंसी से जुड़ी जानकारी
'रजिस्ट्रार जनरल ऑफ इंडियाज़ सैंपल रजिस्ट्रेशन सिस्टम' के आंकड़ों के अनुसार भारत में हर साल 44,000 मैटरनल डेथ (प्रेग्नेंसी के दौरान या प्रेग्नेंसी के टर्मिनेशन के 42 घंटों के अंदर) होती हैं। ऐसे में स्त्रियों में प्रेग्नेंसी से संबंधित जागरूकता पैदा करना बेहद जरूरी है। इसके लिए प्रशासनिक स्तर पर प्रयास तो चल ही रहे हैं, साथ ही स्त्रियों को खुद भी अपनी ओर से जानकारी जुटाने के लिए प्रयास करने चाहिए। प्रेग्नेंसी ऐप्स भी इसमें मददगार साबित हो सकती हैं क्योंकि इनमें एक ही जगह पर गर्भावस्था से संबंधित कई सारी जानकारियां मिल जाती हैं।
हर ऐप में अलग-अलग प्रकार के फीचर्स होते हैं। इन्हें डाउनलोड करने से पहले इंटरनेट पर इनके बारे में जानकारी हासिल कर लेनी चाहिए। कई वेबसाइट्स पर इन एप्स का तुलनात्मक अध्ययन होता है और इन्हें इनके रेस्पॉन्स के आधार पर स्टार्स भी दिए गए होते हैं। अच्छी तरह आकलन करने के बाद ही ऐप को डाउनलोड करना चाहिए।
ध्यान रहे
प्रेग्नेंसी ऐप्स गर्भावस्था के अनुभवों को संजों कर रखने, शेयरिंग और उपयोगी जानकारियां हासिल करने के लिए तो बेहद उपयोगी हैं, लेकिन मेडिकल ज़रूरतों के लिए डॉक्टर से ही सलाह लेनी चाहिए। कई बार तकनीकी समस्याओं के चलते ये ऐप सटीक जानकारी नहीं देते।
एक्सपर्ट का कहना है.
'प्रेग्नेंसी से जुड़ी साइंटिफिक डीटेल्स के लिए स्मार्टफोन ऐप्स पर निर्भर रहना ठीक नहीं है। इनके लिए हमेशा डॉक्टर से ही सलाह लें। प्रेग्नेंसी के दौरान स्मार्टफोन का बहुत ज्य़ादा इस्तेमाल न करें।'
pregnancy app info , Pregnancy app download