नई दिल्ली। राजधानी के आनंद पर्वत इलाके में एक 19 साल की लड़की की दो भाइयों और उनकी मां द्वारा मिलकर बेरहमी से हत्या करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि बदला लेने के मकसद से तीनों ने लड़की को बीच राह रोककर चाकू से हमला कर दिया। दोनों भाइयों ने लड़की पर चाकू से 35 बार वार किया। बेटी को बचाने आई मां पर भी इन भाइयों ने चाकू से हमला किया।
पुलिस ने मारी गई लड़की की पहचान मीनाक्षी के तौर पर की है। हत्या के आरोप में जयप्रकाश उर्फ सन्नी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के मुताबिक, लड़की के घरवालों की तरफ से जयप्रकाश के भाई ईलू और मां शशि पर भी हत्या में शामिल होने का आरोप लगाया गया है। दोनों की भूमिका की जांच चल रही है।
क्या है मामला
स्थानीय लोगों का आरोप है कि 2013 में मीनाक्षी ने जयप्रकाश, इलू और उसकी मां शशि के खिलाफ पुलिस में शिकायत की थी। मीनाक्षी ने आरोप लगाया था कि मां की शह पर दोनों भाई उससे छेड़खानी करते हैं। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए मां-बेटों को हिरासत में लिया गया था। गुरुवार रात लड़की बाजार से कुछ सामान खरीदकर वापस आ रही थी। मीनाक्षी को देखकर जयप्रकाश ने गालियां देना शुरू कर दिया। विरोध करने पर जयप्रकाश ने उसे रोककर चाकू से हमला कर दिया। आरोप है कि मीनाक्षी को पहले जयप्रकाश की मां शशि ने पकड़ लिया। जिसके बाद जयप्रकाश और उसके भाई ईलू ने उसपर बेरहमी से चाकुओं से वार करने शुरू कर दिए। इस बीच बचाने आई मीनाक्षी की मां को भी जयप्रकाश ने चाकू मारकर घायल कर दिया।
पुलिस ने दर्ज किया मर्डर का केस
पुलिस के मुताबिक, गुरुवार शाम 7.45 बजे एक लड़की और उसकी मां पर चाकू से हमले की जानकारी मिली थी। मौके पर पहुंचे आनंद पर्वत एसएचओ सहदेव राणा को पता चला कि लड़की और उसकी मां को राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल पहुंचने पर डाक्टरों ने लड़की को बेहोश बताया। इस वजह से उसके बयान नहीं लिए जा सके। बाद में गुरुवार देर रात ही लड़की की इलाज के दौरान मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने आईपीसी की धारा 302 और 324 के तहत मामला दर्ज किया।