ज्युबा. दक्षिण सूडान में जारी सशस्त्र संघर्ष नए दौर में प्रवेश कर गया है। संयुक्त राष्ट्र की एक नई रिपोर्ट में दावा किया गया है कि दक्षिण सूडान में सैन्य बलों ने महिलाओं को यातना दी है, उनके साथ सामूहिक बलात्कार किया है और उनमें से कई को जिंदा जला दिया गया।
UN रिपोर्ट में कहा गया है, 'दक्षिणी सूडान की जघन्य और तेज होती हिंसा के दौरान कम से कम 172 महिलाओं को अगवा किया गया है। इनके अलावा 79 लड़कियों और महिलाओं का यौन उत्पीड़न किया गया है।' रिपोर्ट के मुताबिक दक्षिणी सूडान के उत्तर में 'यूनिटी' रीजन में पिछले 18 महीने से गृह युद्ध की स्थिति बनी हुई है।
अप्रैल में यहां हिंसा दोबारा से भड़क गई जिसका खामियाजा स्थानीय लोगों को भुगतना पड़ रहा है। रिपोर्ट में दावा किया गया है, 'ह्यूमन राइट्स के लिए काम करने वाले अधिकारियों ने गंभीर आरोप लगाए हैं कि महिलाओं और लड़कियों को अगवा किया गया है और उनके साथ यौन दुर्व्यवहार किया गया है। इनमें से कुछ को तो उनके घरों में ही जिंदा जला दिया गया है।'
रिपोर्ट में ऐसी 9 घटनाओं का जिक्र है जिनमें महिलाओं का गैंग रेप करने के बाद उन्हें उनके घरों के साथ जला दिया गया। एक मामला तो ऐसा भी है जिसमें दूध पिलाने वाली मां के साथ सरकारी सुरक्षा बलों ने बलात्कार किया। संयुक्त राष्ट्र की इस रिपोर्ट को तैयार करने के लिए 115 गवाहों और बचने वालों का इंटरव्यू लिया गया गया है।
रिपोर्ट के मुताबिक ये घटनाएं राजनीतिक विरोध और नफरत की इंतेहा की ओर इशारा करती हैं।
Gang rape | kidnapped | ladies | security force | south sudan