उत्तर प्रदेश के उन्नाव से अपने जीजा के पास सोनीपत आ रही एक 26 वर्षीय युवती से तीन लोगों ने न केवल दिल्ली में दुष्कर्म किया, बल्कि नशे की हालत में छोड़कर फरार हो गए।
मदद के बहाने उसे सोनीपत लाने वाले युवक की नीयत खराब हो गई और वह स्टेशन पर छेड़छाड़ करने लगा। लड़की ने विरोध किया और जीआरपी से शिकायत की। पुलिस ने छेड़छाड़ के आरोप में उत्तर प्रदेश के गांव बारी कलां, जिला प्रतापगढ़ निवासी सूर्यभान को गिरफ्तार कर लिया।
जीआरपी थाने के एएसआई ने बताया कि युवती का जीजा परिवार सहित सोनीपत में किराए पर रहता है। वह उन्नाव स्थित अपने घर से करीब 10 दिन पहले निकली थी। एक सप्ताह वह पुरानी दिल्ली में रही। यहां 7 जुलाई को उसकी मुलाकात तीन लोगों से पुरानी दिल्ली स्टेशन पर हो गई।
मुलाकात के दौरान तीनों उसे एक ढाबे पर ले गए और वहां पर उसको खाना खिलाया। इसके बाद वह तीनों युवती को एक पार्क में ले गए, जहां उसे नशीली गोलियां खिला दी और दुष्कर्म किया। उस दिन वह शाम तक दिल्ली में रही और इस दौरान उसकी मुलाकात पुरानी दिल्ली स्टेशन पर सूर्यभान से हुई। वह दिल्ली में किराए पर रहता है।
युवती उसके साथ गाड़ी संख्या 64463 नई दिल्ली-कुरुक्षेत्र पैसेंजर ट्रेन से रात करीब ढाई बजे सोनीपत स्टेशन पहुंची और वहीं दोनों प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर माल गोदाम के सामने सोने के लिए लेट गए। इस दौरान सूर्यभान भी बहक गया उसके साथ छेड़छाड़ करने लगा और मौके से फरार हो गया।
मामले की सूचना उसने 10 जुलाई को जीआरपी थाने में दी जिस पर पुलिस ने अज्ञात तीन लोगों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म के मामले में जीरो एफआईआर और एक आरोपी के खिलाफ छेड़खानी का मामला दर्ज कर लिया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी सूर्यभान को 10 जुलाई को गिरफ्तार कर लिया और शनिवार को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।