कैलिफोर्निया। एक दंपति जो पिछले 75 साल से शादीशुदा जिंदगी के हर पल को साथ जीते आ रहे थे उन्होंने मरते वक्त भी साथ नहीं छोड़ा और एक-दूसरे की बाहों में दम तोड़ा। 96 वर्षीय जीनेट टॉज्को और उनके 95 वर्षीय पति अलेक्जेंडर ने कुछ ही घंटों के अंतराल पर एक दूसरे की बाहों में दम तोड़ दिया।
एक अंग्रेजी वेबसाइट के अनुसार, टॉज्को दंपति 75 साल पहले शादी के बंधन में बंधे थे। वो एक दूसरे को तब से डेट कर रहे थे जब उनकी उम्र महज 8 साल थी। कुछ सप्ताह पहले अलेक्जेंडर गिरने से घायल हो गए थे और उनके हिप्स की हड्डी टूट गई थी। इस बीच उनकी पत्नी जीनेट भी बीमार हो गई। अस्पताल प्रबंधन ने दोनों के पलंग आस-पास लगा दिए।
इलाज के दौरान दोनों की हालत बिगड़ने लगी। दोनों ने अपने बच्चों के सामने आखिरी इच्छा जताई की वो एक दूसरे की बाहों में मरना चाहते हैं। बाद में उनकी इच्छा अनुसार उनके बच्चे उन्हें घर ले आए जहां एक ही पलंग पर उन्हें रख गया। इस दौरान अलेक्जेंडर ने दम तोड़ दिया। दंपति के पांच बच्चों में से एक बेटी एमी ने अपनी मां से कहा कि उनके पिता नहीं रहे। यह सुनते ही उनकी मां अपने पति के शव से बोली की देखा तुम्हारी इच्छा पूरी हो गई। मेरा इंतजार करना मैं भी तुम्हारे पास आ रही हूं।
इसके बाद बच्चों ने मां की बात मानते हुए उन्हें पिता की देह के साथ अकेला छोड़ दिया लेकिन कुछ ही घंटों में उनकी मां ने भी दम तोड़ दिया। स्थानीय अखबारों के अनुसार बचपन के प्यार को दोनों ने 1940 में शादी के बंधन में बांध लिया। 1971 में यह दंपति सेन डियागो आकर रहने लगे। उनके पांच बच्चे हैं। उनकी बेटी एमी के अनुसार दोनों के सीने में एक ही दिल धड़कता था। मौत के बाद इस दंपति को दफनाया भी साथ में ही गया।
Love | death | marriage | California | Jeanette Toczko | Alexander Toczko