नई दिल्ली। बच्चियों के साथ रेप के बाद उनका मर्डर करने के आरोप में गिरफ्तार किए गए आरोपी रविंद्र कुमार (24) ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, पेशे से बस कंडक्टर रविंद्र ने पूछताछ के दौरान बताया कि वह 2009 से लेकर अब तक दिल्ली, हरियाणा और यूपी में इस तरह की 15 और वारदात को अंजाम दे चुका है। वह अमूमन 3 से 4 चार साल की बच्चियों को निशाना बनाता था।
कबूला जुर्म
आरोपी यूपी के बदायूं का रहने वाला है। फिलहाल वह दिल्ली के उत्सव विहार इलाके में रह रहा था। रविंद्र ने बताया कि वह बच्चों को टॉफी या पैसों से लुभाता था। इसके बाद, उन्हें सुनसान जगह पर ले जाकर रेप करता था और बाद में गला घोंटकर उनकी हत्या कर देता था। इसके बाद, लाशों को नालों में बहा देता था या खेतों में दफना देता था। पुलिस के मुताबिक, रविंद्र का इन वारदात में हाथ होने के पर्याप्त सबूत हैं।
कैसे पकड़ा गया
बाहरी दिल्ली के डीसीपी विक्रमजीत सिंह के मुताबिक, बेगमपुरा में एक छह साल की बच्ची 14 जुलाई को गायब हो गई थी। बाद में उसका शव घर से पचास मीटर दूर एक अधूरे बने तीन मंजिला मकान में मिला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बच्ची की हत्या से पहले रेप किए जाने के सबूत मिले थे। मौके से पुलिस को एक ड्राइविंग लाइसेंस मिला था। इसके आधार पर रविंद्र कुमार को शुक्रवार को पकड़ा गया।