पर्सनल लोन के बदले पत्नी पेश कर दी

भिवानी : भिवानी के कस्बा चरखी दादरी में एक व्यक्ति ने उधार लिए हुए 25 हजार रुपये चुकाने के लिए पत्नी को अपने भाई और एक अन्य शख्स को सौंप दिया।  दोनों ने मिलकर महिला को बेहोश कर कई दिनों तक रेप किया। महिला की हालत बिगड़ने पर घटना का खुलासा हुआ है। दादरी सिटी थाना पुलिस ने इस बारे में पीड़िता के पति, जेठ, जेठानी और पड़ोस के एक अन्य शख्स पर दुष्कर्म और साजिश रचने आदि धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। 

इस मामले में दादरी थाना शहर प्रभारी ने बताया कि शिकायत दर्ज करवाने वाली महिला को बयान के लिए दिल्ली से दादरी लेकर आए और महिला को गुरुवार को कोर्ट में पेश किया गया था मगर मैजिस्ट्रेट ने उसकी हालत देखकर फिलहाल उसका बयान लेने से इनकार कर दिया। इस मामले में महिला के बयान दर्ज होने के बाद ही आरोपियों की गिरफ्तारी होगी। 

घटना के मुताबिक, दादरी शहर की विवाहिता ने दादरी पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके पति ने अपने बड़े भाई और पड़ोस के एक युवक से करीब 25 हजार रुपये उधार लिए थे। पैसे न चुका पाने पर उसके पति ने उसे ही दोनों के सामने पेश कर दिया। पीड़िता ने बताया कि जून में स्कूलों की छुट्टियों के दौरान उसके दोनों बच्चे दिल्ली में अपने मामा के घर गए हुए थे। 

इसी दौरान पति के भाई और उसके दोस्त ने कभी उसे बेहोश करके तो कभी मुंह में कपड़ा ठूंसकर दुष्कर्म किया, जिसके कारण उसकी हालत बिगड़ने लगी। उसने अपनी बहन को बीमारी की बात बताई तो वह उसे अपने घर ले गई लेकिन रात में वह अपने घर आ गई। इसी दौरान उसकी बहन ने दिल्ली में मायके में फोन करके उसके ज्यादा बीमार होने की बात बताई, जिसके चलते परिजन उसे दिल्ली ले गए। 

दिल्ली के अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती करवाने के दौरान उसने अपने साथ हुई घिनौनी हरकत की जानकारी परिजनों को दी। बाद में इस बारे में दादरी पुलिस को भी बताया गया। पुलिस ने महिला का मेडिकल परीक्षण भी करवाया जिसमें रेप की पुष्टि हो गई। पीड़िता ने बताया कि इस घटना की पूरी साजिश उसके पति व जेठानी ने रची थी। 

पति जानबूझकर अपने चाचा के घर जाकर सोता था और उसके जाने के बाद दोनों आरोपी रेप करते थे। इस दौरान विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी भी देते थे। मेडिकल रिपोर्ट और महिला के बयान पर पुलिस ने उसके पति, जेठ, पड़ोसी और जेठानी पर दुष्कर्म, साजिश रचने आदि धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

Crime | rape | news | hindi | husband | wife | Lone | Samachar | 

Tags

buttons=(Accept !) days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !
To Top