नई दिल्ली। घर के बाहर पेशाब करने से रोकने पर चार युवकों ने एक युवक के घर में घुसकर चाकुओं से गोदकर उसकी हत्या कर दी। मृतक के शरीर पर चाकू के सात निशान मिले हैं। शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। मृतक की पहचान ब्रह्मप्रकाश (32) के रूप में हुई।
वह शाहबाद डेयरी इलाके में परिवार के साथ रहता था और आरटीवी चलाता था। पुलिस हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश कर रही है। बाहरी दिल्ली जिले के पुलिस उपायुक्त विक्रमजीत सिंह के मुताबिक आरोपियों की पहचान कर ली गई है।
वारदात में तीन से चार लोग शामिल हैं, उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मुख्य आरोपी ब्रह्मप्रकाश के घर से करीब 100 मीटर दूर रहता है। वह निजी कंपनी में काम करता है। बृहस्पतिवार को स्थानीय लोगों ने पुलिस के लापरवाह रवैये के चलते इलाके में जमकर हंगामा किया।
आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की। बुधवार रात करीब 11 बजे ब्रह्मप्रकाश अपने घर पर था। तभी आरोपी अपने दोस्त के साथ घर के पास आया और पेशाब करने लगा। मना करने पर दोनों पक्षों में झगड़ा हुआ। झगड़ा बढ़ने पर ब्रह्मप्रकाश की ओर से पीसीआर कॉल की गई। पीसीआर की गाड़ी मौके पर पहुंची।
पुलिस की जिप्सी को आता देख दोनों आरोपी फरार हो गए। ब्रह्मप्रकाश का बयान लेने के बाद पुलिस वहां से चली गई। परिजनों के मुताबिक आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस ने कोई प्रयास नहीं किया। आधे घंटे बाद आरोपी तीन अन्य साथियों के साथ ब्रह्मप्रकाश के घर पहुंचा।
दोनों पक्षों के बीच झगड़ा हुआ। इसी बीच आरोपियों ने चाकू से ब्रह्मप्रकाश और उसके भाई हंसराज पर हमला कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गए।
इसके बाद दूसरी कॉल कर पुलिस को ब्रह्मप्रकाश पर जानलेवा हमला करने की जानकारी दी गई। घायल अवस्था में दोनों भाइयों को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने ब्रह्मप्रकाश को मृत घोषित कर दिया।