डबवाली/संदीप। शहर के प्रेम नगर में एक प्रॉपर्टी डीलर ने उसी व्यक्ति को जिंदा जला डाला जिससे डीलर ने मकान खरीदा था। मकान खरीदने के बाद डीजल पेमेंट नहीं कर रहा था। पुलिस ने आग से 40 फीसदी तक झुलसे व्यक्ति के बयानों के आधार पर प्रॉपर्टी डीलर व उसकी पत्नी के खिलाफ आई.पी.सी. की धारा 307 के तहत मामला दर्ज किया है। जांच अधिकारी भाना राम ने बताया कि अस्पताल में उपचार के लिए लाए गए प्रेम नगर निवासी हरीश पुत्र दर्शन सिंह (40) ने अपने बयानों में बताया कि उसने कुछ समय पहले एक घर भूषण डीलर को बेचा था।
बेचे गए मकान की रकम का भुगतान भूषण ने अभी तक नहीं किया। रकम के लिए वह कई बार भूषण के आगे गुहार लगा चुका था। आज सुबह करीब 10 बजे वह प्रेम नगर स्थित भूषण डीलर के घर मकान की राशि मांगने गया था। रकम मांगने पर भूषण ने उसके साथ झगडऩा शुरू कर दिया। इसके बाद भूषण व उसकी पत्नी ने मिलकर उसके शरीर पर पैट्रोल छिड़ककर आग लगा दी जिससे वह बुरी तरह से झुलस गया। शोर सुनकर आस-पड़ोस के लोगों मौके पर आ गए और उन्होंने आग को बुझाया। इसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल लाया गया।
जांच अधिकारी भाना राम ने बताया कि पुलिस ने प्रापर्टी डीलर व उसकी पत्नी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है, वहीं पीड़ित की नाजुक हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे रैफर कर दिया।