लखनऊ: बीती रात संभल में एक दलित युवती की रेप के बाद जिंदा जला कर हत्या कर दी गई। संभल की गुन्नौर पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। अस्पताल में मौत से पहले दिए गए बयान में युवती ने अपने साथ रेप की बात कही है।
घटना संभल जिले के गुन्नौर थाना क्षेत्र की है। आरोप है महमूदपुर निवासी एक शख्स की 19 वर्षीय बेटी के साथ बीती रात दिनौरा गांव के शेर सिंह ने रेप किया। विरोध करने पर शेर सिंह ने उसके ऊपर मिट्टी का तेल डाल कर आग लगा दी और फरार हो गया। लड़की की चीख सुन कर परिवार के लोग जाग गए और उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल ले गए, जहां शुक्रवार सुबह उसकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी पाते ही संभल के जिलाधिकारी और एसपी सहित स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने लड़की के पिता की ओर से शेर सिंह के खिलाफ बलात्कार और हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी। संभल के एसपी अतुल सक्सेना ने बताया कि लड़की और शेर सिंह हरियाणा के बहादुरगढ़ में स्थित कमल ईंट-भट्ठे पर मजदूरी करते थे। वहीं दोनों के संबंध हो गए थे। इसकी जानकारी जब लड़की के पिता को मिली तो वह बेटी को वापस ले आए।
इस बीच उसने लड़की की शादी कहीं और तय कर दी थी। साथ ही शेर सिंह की भी शादी कहीं और तय हो गई। एसपी ने बताया कि बीती रात शेर सिंह छिप कर लड़की के घर में घुसा। लड़की ने शेर सिंह को यह कहते हुए भगाने का प्रयास किया कि उसकी शादी तय हो चुकी है, लेकिन, शेर सिंह ने लड़की का रेप कर डाला और उसे जला कर फरार हो गया। पुलिस ने शेर सिंह को गिरफ्तार कर लिया है।
crime | lovers | lucknow | Girlfriend | Burnt Alive | After Rape